Sunday, 23 August 2026

नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल - एक गीत

 

नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल।
करुण हृदय हो सहज वेदना, थाती ये अनमोल।

ओढ़ आवरण जन्म-मृत्यु का,
राजा हो या भृत्य।
उजले तन का मान करे मन,
कहते जिसे अनित्य।
अपना-अपना कहकर हम-सब, बड़े न बोलें बोल।
नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल।

पंचतत्व से निर्मित काया,
नेति-नेति से नेत।
सत्य सनातन संस्कृति कहती,
भाव भरे समवेत।
दुहराता इतिहास स्वयं ही, दुनिया अपनी गोल।
नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल।

धर्म-कर्म से इसे सँवारें,
दाता का उपमान।
रोग-दोष से रक्षित प्रतिपल,
ऊर्जा भर दे प्राण।
'लता' प्रेम के बंधन में नित, मृदुता देती घोल।
नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल।

*** डॉ. प्रेमलता त्रिपाठी

No comments:

Post a Comment

नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल - एक गीत

  नश्वर काया श्वास भरे जो, मिली हमें है तोल। करुण हृदय हो सहज वेदना, थाती ये अनमोल। ओढ़ आवरण जन्म-मृत्यु का, राजा हो या भृत्य। उजले तन का मा...