Sunday, 15 March 2026

युद्ध का पर्याय जीवन हो गया है - एक गीत

 


युद्ध का पर्याय जीवन हो गया है।
दर्प में आघात का व्रण बो गया है।

पाथ चुनते हैं समर का स्वार्थ में जो।
व्यग्र होती चेतना मृतप्राय हैं वो।
भार ले उत्तेजना को ढो रहा तन।
अनवरत अधिकार लोलुपता भरा मन।
आदि का सुर-ताल बेबस सो गया है।

युद्ध का परिणाम विध्वंसक सदा ही।
प्रति दिशा भयभीत रहती है कदा ही।
कृष्ण ला्ते शांति का प्रस्ताव पावन।
ठानता जो बैर वो है दुष्ट रावन।
भाव कुंठित करुण रस को धो गया है।

द्वेष पारावार अंतस को गलाता।
छेड़ता संग्राम निज प्रतिभा छलाता।
हैं बरसते क्रोध में जो अग्नि के कण।
क्षार करते हैं सभी संवाद के पण।
अंत का अध्याय जैसे खो गया है।
युद्ध का पर्याय जीवन हो गया है।

*** सुधा अहलुवालिया

 


No comments:

Post a Comment

युद्ध का पर्याय जीवन हो गया है - एक गीत

  युद्ध का पर्याय जीवन हो गया है। दर्प में आघात का व्रण बो गया है। पाथ चुनते हैं समर का स्वार्थ में जो। व्यग्र होती चेतना मृतप्राय हैं वो। भ...