Sunday, 29 November 2026

गीत - हृदय भरें सबके उजियार

 

घर-आँगन को करे सुगंधित, भरे दिलों में निश्छल प्यार।
प्रेम-प्रीति के रंग हजारों, हृदय भरे सबके उजियार।।

मन के द्वारा ही जीवन में, ऊर्जा का होता सञ्चार।
चातक जैसी प्यास प्रेम की, स्वाति बूँद होती उपहार।
कुल मर्यादा रहे निभाते, वही सुखद आती नित भोर,
कर्म भले होते हैं जिनके, कृपा करे उनपर करतार।।

एक साथ कब रहे प्रेम से, सबका अलग हुआ व्यवहार।
घर-आँगन को करे सुगंधित, भरे दिलों में निश्छल प्यार।।

विटप लताएँ खिलें सुमन से, वृक्षों का उनसे श्रृंगार।
वन-उपवन भू के आभूषण, वृक्षों का मानो उपकार।।
बिना स्वार्थ वृक्षों से आती, सुखद घनेरी शीतल छाँव,
विधिना की सुन्दर कृति मानव, हृदय नेह का हो आगार।।

भले कभी अपनों की बातें, नहीं हृदय करता स्वीकार।
घर-आँगन को करे सुगंधित, भरे दिलों में निश्छल प्यार।।

मन सागर में प्रेम-प्रीति की, लेती रहती खूब हिलोर।
उन्मादित मन को समझाएँ, थमे हृदय में तब ही शोर।।
निश्चल मन ही प्रेम ढूँढता, व्याकुल मन में मिसरी घोल।
नेह कलेवा प्रातः करते, पर हित ही जीवन आधार।।

द्रवित हृदय में बहे स्वतः ही, मंद मधुर बूँदें रसधार।
घर-आँगन को करे सुगंधित, भरे दिलों में निश्छल प्यार।।

*** लक्ष्मण लड़ीवाला 'रामानुज'

No comments:

Post a Comment

गीत - हृदय भरें सबके उजियार

  घर-आँगन को करे सुगंधित, भरे दिलों में निश्छल प्यार। प्रेम-प्रीति के रंग हजारों, हृदय भरे सबके उजियार।। मन के द्वारा ही जीवन में, ऊर्जा का ...