Sunday, 15 September 2024

मुक्तक - करुणा सागर

 

हिय विशाल हो रत्नाकर-सा।
प्यार-भरा करुणा सागर-सा।
भरा समन्दर हो आँखों में-
खारे जलनिधि के आगर सा॥1॥
🌸
गिरि शिखरों से नदियाँ आतीं।
अपनी-अपनी व्यथा सुनातीं।
अर्णव उनके दुख हर लेता-
हर्षित हिय सुरपुर सरि जातीं॥2॥
🌸
जल का पारावार उदधि है।
जीवन का आधार जलधि है।
विष अमरित चौदह रत्नों का-
अद्भुत दाता यह नीरधि है॥3॥
🌸
कुन्तल श्रीवास्तव.
डोंबिवली, महाराष्ट्र.

(शब्दार्थ : जलनिधि- समुद्र, सागर, खारे पानी की वह विशाल राशि जो चारों ओर से पृथ्वी के स्थल भाग से घिरी हुई हो। आगर- घर/ श्रेष्ठ/उत्तम, अर्णव - लहर उठाता हुआ महासागर/वायु/सूर्य/लहर/धारा, पारावार- आरपार/सीमा, उदधि- जलकी अधिक मात्रा/समुद्र, जलधि- पानी का खजाना/महासागर, नीरधि- जल धारण करने वाला/समुद्र।)

No comments:

Post a Comment

सौंदर्य - एक कवि का सच

  तुम शब्दों से परे हो फिर भी हर कवि तुम्हारा उपयोग करना चाहता है।  मानो, वह हवा को मुट्ठी में क़ैद कर लेने पर आमादा हो, मानो, आकाश को आँखों ...