Sunday, 21 September 2025

मौत की बारात निकली, ज़िंदगी हैरान है।

 

मौत की बारात निकली,
ज़िंदगी हैरान है।
घोंसला फिर से किसी का,
बन गया शमशान है।।

उड़ नहीं पाए पखेरू,
पंख उनके जल गए।
उरगारि समझे थे जिसे,
श्येन सारे छल गए।।

आपदा का बाम लेकर,
आ गया शैतान है।

पूछते हैं हाल लेकिन,
बोलने पर वर्जना।
कौन सुनता है यहाँ पर,
मौन की यह गर्जना।।

दर्द का छाया कुहासा,
मन-गली सुनसान है।

फिर से किसी धृतराष्ट्र की,
मर गई संवेदना।
नेपथ्य से वह ध्वंश की,
भर रहा उत्तेजना।।

लुट रहा संसार मेरा,
सो रहा दरबान है।
मौत की बारात निकली,
ज़िंदगी हैरान है।।
चंद्र पाल सिंह 'चंद्र'

No comments:

Post a Comment

आख़िर क्यों - कड़वी हक़ीक़त की एक ग़ज़ल

  नहीं है आस अपनों से नहीं अधिकार आख़िर क्यों भरी आँखें मगर है प्यार का इज़हार आख़िर क्यों ख़ुदा ने नेमतें प्यारी हमें बख़्शी हुईं लेकिन कपट छ...