Sunday, 26 March 2023

त्योहार की खुशी - एक गीत

 

कमी तो स्नेह के व्यवहार की है।
खुशी होती न अब त्योहार की है॥

मिलाकर हाथ घिस डालीं लकीरें,
मिलाया दिल नहीं हमने किसी से।
जुबां से खूब रस वर्षण किया है,
गए पर घर नहीं मिलने किसी से॥
खबर सब ओर से बीमार की है।
खुशी होती न अब त्योहार की है॥

गरीबी बीनती खेतों में बाली,
अमीरों की सहेली है दिवाली।
बचाना है हमें होली पे पानी,
ठिठोली कर कहाँ रंगती है साली॥
कहानी पर्व पर बाजार की है।
खुशी होती न अब त्योहार की है॥

बहुत मॅंहगा हुआ रक्षा का धागा,
बहाना है पढ़ाई का न आना।
सजे कमरों में सब बैठे अकेले,
मॅंगा कर खा रहे बाहर से खाना॥
फसल हमने नई तैयार की है।
खुशी होती न अब त्योहार की है॥

*** डॉ. मदन मोहन शर्मा
सवाई माधोपुर, राज.

No comments:

Post a Comment

सौंदर्य - एक कवि का सच

  तुम शब्दों से परे हो फिर भी हर कवि तुम्हारा उपयोग करना चाहता है।  मानो, वह हवा को मुट्ठी में क़ैद कर लेने पर आमादा हो, मानो, आकाश को आँखों ...