Sunday, 23 August 2020

ओ पलाश

 

जब उजड़ा फूलों का मेला।
ओ पलाश! तू खिला अकेला।।

शीतल मंद समीर चली तो, जल-थल क्या नभ भी बौराये,

शाख़ों के श्रृंगों पर चंचल, कुसुम-कली भंवरें इतराये,


जब गरमाने लगा पवन तो प्रखर-ताप लू तूने झेला।
ओ पलाश! तू खिला अकेला।। 

पाहुन सा ऋतुराज विदा ले, चला लाँघ कर जब देहरी भी,
कुम्हलाये तरुपात-पीतमुख, अकुलाये वन के प्रहरी भी,

धरा उदासी प्यासी तपती, बीत गया ख़ुशियों का रेला।
ओ पलाश! तू खिला अकेला।। 

 

ऋतु काल परिश्रम एक रहा, मरु कण-कण का वन-कानन का,
धीरज ध्येय संग सम्मोहन, मुरली-धुन का वृन्दावन का,

मस्तक ऊँचा खड़ा निष्पृही, समरांगण का बाँका छैला।।
ओ पलाश! तू खिला अकेला।।

*** रमेश उपाध्याय ***

 

7 comments:

ब्रह्म का स्वरूप माँ

  सौम्य प्रेम,शील,क्षेम का विशुद्ध रूप माँ। जीव तत्व में विभक्त ब्रह्म का स्वरूप माँ। दण्ड दे दुलारती, भविष्य को सँवारती। कण्ठ से लगा कभी मम...