Sunday, 25 November 2018

राधिका छंद


1-

है अपना हिन्दुस्तान, जगत में न्यारा।
लगता जन-गण-मन गान, हमें अति प्यारा।।
हैं भाषा वेश अनेक, संघ का ढाँचा।
जहँ संविधान भी एक, बना है साँचा।।


2-


है लोकतंत्र की यहाँ, व्यवस्था न्यारी।
जिसमें शासन की शक्ति, वोट में सारी।।
जनता देकर निज वोट, बने बेचारी।।
इसमें यह भारी दोष, और लाचारी।।


3-


है राजनीति में आज, बहुत पौबारा।
फिरता है केवल आम, आदमी मारा।।
सब नेताओं का एक, आज का नारा।
जनता का है जो माल, हड़प लो सारा।।


4-


जो हैं घोटालेबाज, चोर आवारा।
चुन जाते हैं फिर लोग, वही दोबारा।।
नेतागण सभी समान, नहीं कुछ चारा।
चूसो जनता का खून, आज का नारा।।


5-


मैं ही हूँ सबसे श्रेष्ठ, आज का नारा।
कर दे यदि कोई प्रश्न, चढ़े फिर पारा।।
जब जैसी चाहूँ जिधर, मोड़ दूँ धारा।
मेरा ही लगता रहे, सदा जयकारा।।


*** हरिओम श्रीवास्तव ***

2 comments:

  1. कीचड़ हटाने के लिए कीचड़ में उतरना पड़ता हैं

    ReplyDelete
    Replies
    1. सही कहा आपने। सादर आभार आदरणीय।

      Delete

कहानी अग्नि की

  'अग्नि' उन्नति की कथा है, 'अग्नि' अवनति की कहानी। यदि सृजन का मंत्र है यह, तो प्रलय की भी निशानी। यज्ञ में हो प्रज्ज्वलित ...