Sunday, 11 February 2024

मुक्तक - प्रदत्त शब्द - पूजा, अर्चन, इबादत

 

पूजन करते लोग सब, खुश होवें भगवान,
बदले में हमको मिले, मुँह माँगा वरदान,
अजब सोच के लोग हैं, करें दिखावा रोज -
मर्म धर्म का तज रहे, कैसे ये इंसान।।

दस पैसे की बूँदियाँ, चढ़ा देव को भोग ,
बदले में ये माँगते, सुंदरतम संयोग,
स्वार्थ भरा संसार यह, देखो चारों ओर -
भारत भू पर क्यों बना, ऐसा यह दुर्योग।।

यह तो पूजा है नहीं, कहो इसे व्यापार,
ऐसे लोगों की सखे, पूजा है धिक्कार,
बदली सबकी सोच है, समझाए अब कौन -
पूजन जब निष्काम हो, करें देव स्वीकार।।

पूजा की थाली लिए, आए भक्त हजार,
ईश दिखावे को कभी, करें नहीं स्वीकार,
आडम्बर सब छोड़ कर, करें ईश का ध्यान -
प्रतिफल इसका है सुखद, मिल जाते करतार।।

पूजा का उद्देश्य हो, लें हम उनसे ज्ञान,
जनहित के सब काम कर, बने मनुष्य महान,
अंतर्यामी ईश हैं, जान रहा हर बात -
बिन माँगे भी वह करे, पूरे सब अरमान।।

~~~~~~~~~~~~~~
मुरारि पचलंगिया

No comments:

Post a Comment

नेह भरा ईश्वर का प्यार

  सृष्टि रचयिता परमेश्वर ही, जीवन पथ करते उजियार । जीवन दर्शन जो भी समझे, कुदरत का माने उपकार ।। माँ बापू ही ईश हमारे, नित उठ उनको करे प्रणा...